Showing posts with label hindi. Show all posts
Showing posts with label hindi. Show all posts

Wednesday, October 15, 2025

25. हिन्दी कविता - एक अनुभूति


 ना हूँ मैं वेदना

ना हूँ मैं प्रसन्नता

मैं तो हूँ एक अनुभूति

जो स्वयं को है रुला देती

और हँसा भी देती है कभी - कभी

पर फिर सिमट जाती है

बँधकर अपने आप में

बिना हँसे बिना रोए

और बिना कुछ कहे

जब भी होता है सामना

इस विचित्र अहसास का

तब दिखता है प्रतिबिम्ब धुंधला - सा

हर ओर हर दिशा

जिसमें दिखते हैं कई चेहरे

हँसते हुए रोते हुए

और कुछ चुपी साधे हुए

इसी चिंता में डूबे हुए

क्या केवल एक भाव हूँ मैं

बढ़कर कुछ और नहीं उससे

सुनाई पड़ता है तब एक ठिठोला

जो यह है कहता

तुम जो भी हो

जैसे भी हो

तुम तब तक ही हो

जब तक तुम स्वयं को समझते हो

सुनकर मुस्कुरा पड़ते हैं

वो सभी चिंतित चेहरे

और तब आभास है होता

चाहे अधूरा या उससे भी छोटा

केवल एक दशा नहीं मुस्कुराना

है ये एक ऐसी अवस्था

जिसे कोई भी अनुभूति असक्षम है

सीमा में बाँधने के लिए  | ' तरुण'

Thursday, October 9, 2025

24. हिंदी कविता - मन की दशा

 

मन की यह कैसी दशा है

विचारों से रिक्त भावों से भरा है

ना माणिक की चाह है ना कंचन की

चाह है तो 'अद्वितीय' आलिंगन की

ढोल नगाड़े प्रत्यक्ष है बजते

पर ढूंढता है चुप्पी ये

नाकार रहा है स्वांग से भरी हर प्रशंसा

बनाना चाहता है कूकर 'उस अनुपम' दर का

मान - सम्मान को समझ रहा है मिथ्या

छूना चाहता है 'पवित्र' मृतिका

व्यर्थ कर्मों से ग्रस्त इस जग में

बो रहा है बीज प्रार्थना के

कृत्रिम अँधेरों में अत्यधिक भटका है

अब 'प्रकाश' की खोज में है

सांसारिक क्रंदन त्याग के सारे

दो अश्रुओं को अब ये तड़पे

कर जागृत अग्नि विरह की

जगा पिपासा अमृत की

रख आशा 'अनंत' के दर्शनों की

टटोल रहा है 'अनहद बाणी'

बन गयी है अब यही

दशा इस मन की | 'तरुण'

Monday, October 6, 2025

23. हिन्दी कविता - पलों का संग्रह

रिक्त थी झोली, खाली थे हाथ,
केवल थी हीनता, और कुछ नहीं था पास।

खटखटाए दर कई, चाह थी कोई थामे बाँह,
सुनकर व्यथा हमारी, बंद हो गए सभी किवाड़।

हताश होकर चल पड़े, लेकर अपना पिटारा,
आ पहुँचे द्वार पर ‘तेरे’, कि सुना था यश ‘तुम्हारा’।

प्रेम का अनंत सिंधु, जग था कहता ‘तुम्हें’,
केवल दो बूंद की, थी पिपासा भी हमें।

लालसा ना थी मोती की, बुझती कहाँ है क्षुब्धा ‘अर्थ’ से,
अभिलाषा ना थी कंचन की, प्यासे थे तो सिर्फ स्नेह के।

लगा दिया डेरा,  समीप आँगन के ‘तेरे’,
आशा थी मन मे यही, आर्द नेत्रों से करे दर्शन ‘तेरे’।

‘तुम’ हो गए दयाल, दशा हमारी जानकर,
विस्मय में बीते वो क्षण, ओ! भावों के जलधर।

एकांत में बिताए वो पल, बन गए संग्रह तेरी यादों का,
कुछ मुस्कान कुछ अश्रु, कुछ पूर्ण कुछ अधूरा। ‘तरुण’ 

Saturday, October 4, 2025

22. हिंदी कविता - रात्रि का संगीत

रात्रि का घना अँधेरा, छेड़ता है तान ऐसी,

रुद्र का शंखनाद जैसे, या दामिनी की ध्वनि।

हुंकार भरता मद गजानन, शत्रु का प्रतीक है,

हस्त में कृपाण लिए कोई, करता उसका वध है।

सूर्य का रथ थम गया है कहीं,

मधुर संगीत रस पी रहा है उर अभी।

ढलता हुआ समय, नक्षत्रों की छाँव में,

कुछ अनकहे शब्द, जिह्वा पर आ अटके।

श्वासों का मंथन, जन्म लेती आशा,

नव विचारों का उद्गम, प्रकट होती प्रार्थना |

आरंभ एक नया अध्याय का, उजागर होता नवीन पथ,

टूटते कष्टदायक बंधन, लौटती हुई मुस्कान मुख पर।

कहीं यह भ्रम तो नहीं, या फिर कोई छलावा,

रात की धुन ने कहीं खेल तो ना कोई खेला?

झकझोर गया विचार यही, टूट गई निंद्रा,

गूँज थी अभी भी वहीं,  सफल हो गया जागना। ‘तरुण’

Tuesday, September 30, 2025

21. हिंदी कविता - आगमन अवश्य होगा



आगमन होगा उस तट का

थम जाएंगे तूफ़ान जहाँ

जो रह - रह कर उठते हैं

इस मन रुपी सागर में

आगमन होगा उस शिखर का

पीड़ा का अंत होगा जहाँ

जो एहसास कराती है

भटका प्राणी हूँ मैं

आगमन होगा उस गंतव्य का

खो देगा गति समय जहाँ

जो शत्रु है सबसे बड़ा

कराता है एहसास परिवर्तन का

आगमन होगा उस गहनता का

अहम् नहीं रहेगा जहाँ

जो है केवल एक मिथ्या 

बीजता है अंकुर विष का

आगमन होगा उस असीमता का

सीमा ना रहेगी कोई जहाँ

जो बाँधती है मोह पाश की बेड़ियाँ

छीन लेती है स्वत्रंता

आगमन होगा उस स्थल का

संग्रह है सत्य का जहाँ

विसमाद से भरा हुआ

और जहाँ रहता है स्वामी 'नौ निधियों' का

एक पल वहाँ अवश्य पहुंचेगें

नाचते गाते हर्ष में झूमते | 'तरुण'

Tuesday, September 23, 2025

19. हिंदी कविता - हमारे कर्म


चिर संचित कर्म हमारे

व्यर्थ जाएगें 'उसके' द्वारे

ऊँघने दो सपनों को हमारे

बुद्धि को दो चकराने

तन को मारने दो करवटें

मन को दो बोलने

बाँध कर रख दिया इन्होने

नश्वरता के चक्र में

पर क्षणिक संग्रह इन तत्वों का

अनंत की खोज में है चल पड़ा

समय उसका है शत्रु

परिवर्तन उसका है रिपु

भ्रम में डूबा हुआ

शंका में धसा हुआ

कभी पूछेगा प्रश्न ये

कभी भटकेगा अंधकार में

कभी रुदन करेगा

कभी विस्माद में रहेगा

समेट कर सारे तथ्य भी

कुछ पूर्ण होगा नहीं

ना बचोगे यम दंड से

ना ही तुम मुक्त होगे

अगर कुछ मिल भी गया

तो वो केवल मिथ्या होगा

इतने क्षीण है कर्म हमारे

समर्पण बिन केवल हाथ मलोगे | 'तरुण'

Sunday, September 21, 2025

18. हिंदी कविता - मन की व्यथा

 

शब्दों का उच्चारण, श्वासों का मंथन,

कितना सरल कितना कठिन, क्या जान सका क्षणिक मन?

विचारों का उद्गम, मति का विश्लेषण,

कितना स्थूल कितना सूक्ष्म, क्या समझ सका अचेतन मन?

भावनाओं का मिलन, असंख्य तंतुओं का संगम,

कितना परोक्ष कितना प्रत्यक्ष, क्या टटोल सका चंचल मन?

अनंत का विस्तार, तत्वों का समागम,

कितने उत्तर कितने प्रश्न, क्या खोज सका सीमित मन?

शब्दों का अर्थ, अर्थों का रस

कितना आत्मिक कितना भौतिक, क्या पचा सका अज्ञानी मन?

एकांत में काँपता, भीड़ से लड़ता,

कितना व्यर्थ कितना सक्षम, क्या बूझ सका अभिमानी मन?

धन की क्षुब्धा, विकास का मापदंड,

कितना वास्तविक कितना छलावा, क्या सब समेट सका लोभी मन?

डाहा दिए इस मन ने, जीवन के अमूल्य पल,

कितना पाया कितना खोया, क्या हो सका समर्पित मन? ‘तरुण’

26. Baani Dhan Guru Arjan Dev Ji Ki: Ang 400 Dhan Guru Granth Sahib Ji

  Ang 400: Dhan Guru Granth Sahib Ji  ਆਸਾ    ਮਹਲਾ    ੫    ॥  ਡੀਗਨ    ਡੋਲਾ    ਤਊ    ਲਉ    ਜਉ    ਮਨ    ਕੇ    ਭਰਮਾ   ॥  ਭ੍ਰਮ    ਕਾਟੇ    ਗੁਰਿ   ...